भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता निमिषा गौड़ ने राज्य के बजट को विकासोन्मुखी बताया। अपने धौलपुर दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को सशक्त, समृद्ध और विश्व पटल पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। गौड़ ने बताया कि पिछली सरकार की तुलना में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार 41.39 प्रतिशत बढ़ा है। पहली बार प्रति व्यक्ति आय 2 लाख 2 हजार रुपए तक पहुंच रही है। ‘हर घर नल’ योजना के तहत 6500 गांवों को जोड़ा जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुधार के लिए राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की घोषणा की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 5 साल में 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का संकल्प पूरा किया जा रहा है, जिसमें एक लाख नौकरियों की घोषणा हो चुकी है।
गौड़ ने बताया कि गत वर्ष की 93 प्रतिशत बजट घोषणाओं को पूरा किया जा चुका है और कर्मचारियों के कल्याण के लिए वेतन वृद्धि की अनुशंसा भी की गई है। धौलपुर जिले के लिए मिनी सचिवालय निर्माण, महिला पुनर्वास केंद्र की स्थापना, बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में नवीन औद्योगिक क्षेत्र का विकास और जिला मुख्यालय पर खेल मैदान निर्माण की घोषणा की गई है। रामसागर पर अपस्ट्रीम स्लिपवे गेट लगाने के लिए 933 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे लगभग 15 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा (बाड़ी), पूर्व विधायक सुखराम कोली (बसेड़ी), धौलपुर विधानसभा प्रत्याशी डॉ. शिवचरन कुशवाहा और भरतपुर संभाग सह मीडिया प्रभारी मुकेश सक्सेना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


