राजनांदगांव| मुंबई की कंपनी में निवेश के बाद हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज देने का झांसा देकर शंकरपुर के दंपती से 50 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने एसएमसी कंपनी के कर्मचारी अमित लिल्हारे पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रार्थी हेमंत देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ समय पहले उसकी पहचान दुर्ग निवासी अमित लिल्हारे से हुई। अमित ने खुद को मुंबई के एसएमसी ग्लोबल कंपनी का कर्मचारी बताया और रकम निवेश करने पर हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद प्रार्थी ने पहले एक लाख रुपए निवेश किए, जिसका प्रतिमाह ब्याज मिलता रहा। इसके बाद प्रार्थी ने अपने और पत्नी के नाम पर 50 लाख रुपए कंपनी में निवेश कर दिया। लेकिन इसके बाद ब्याज मिलना बंद हो गया। मूल रकम भी वापस नहीं मिली।


