राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में 15 किलोमीटर नई सड़क बनाई जाएगी और 10 करोड़ रुपए की लागत से पुल-पुलिया का निर्माण होगा। विधायक निधि का फंड भी जल्द जारी किया जाएगा। यह घोषणा शुक्रवार को विधानसभा में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की। विभागों की अनुदान मांग पर चर्चा के बाद सदन ने 19,711 करोड़ 88 लाख 86 हजार रुपए की राशि ध्वनि मत से पारित कर दी। हालांकि, सरकार के जवाब के दौरान विपक्ष ने सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए वॉकआउट किया। भोजनावकाश के बाद भाजपा विधायक नीरा यादव के कटौती प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि विभागीय कामकाज में सुधार के प्रयास जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिलो टेंडर के कारण यदि काम की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि पेसा कानून आदिवासियों के लिए सुरक्षा कवच है। यह जल, जंगल और जमीन की रक्षा का असली माध्यम है। ग्रामसभा को गांव का असली मालिक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। ग्रामसभा की बैठक सार्वजनिक भवन, बंद स्कूल या धुमकुड़िया भवन में बुलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सहायक सचिव के पद पर महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। झारखंड की पेसा नियमावली देश में सर्वश्रेष्ठ है। मनरेगा को जी राम जी करने से नहीं होगी कोई परेशानी मंत्री ने सदन को बताया कि मनरेगा में 12 करोड़ मानव दिवस के लक्ष्य के विरुद्ध 10 करोड़ मानव दिवस का सृजन किया गया है। उन्होंने कहा कि रोजगार की गारंटी किसी भी हालत में खत्म नहीं होने दी जाएगी। मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी रामजी’ किए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि नाम बदलने से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन जी रामजी में रोजगार की गारंटी का प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि संघीय ढांचे को कमजोर किया जा रहा है और 15वें वित्त आयोग की राशि रोकी गई है। मनरेगा का हजारों करोड़ रुपए केंद्र के पास बकाया है। अबुआ आवास में 1.90 लाख घर पूरे…मंत्री ने बताया कि राज्य में 1.90 लाख अबुआ आवास तैयार हो चुके हैं। 10,281 लाभुकों को पहली किस्त, 1.80 लाख को दूसरी, 1.27 लाख को तीसरी और 36 हजार को चौथी किस्त की राशि दी जा चुकी है। इन योजनाओं के लिए सरकार के पास पैसों की कोई कमी नहीं है। नारी शक्ति बदलाव की ताकत… मंत्री ने कहा कि आज के फैसलों में नारी शक्ति का प्रभाव दिखता है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं राज्य में बदलाव की अगुवाई कर रहीं हैं। महिला समूहों द्वारा 2.72 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। वाद-विवाद में भाजपा की नीरा यादव, प्रदीप प्रसाद और अमित यादव, झामुमो के हेमलाल मुर्मू, कांग्रेस के सुरेश बैठा, माले के चंद्रदेव महतो और जेएलकेएम के जयराम महतो ने अपनी बातें रखीं।


