हल्का नार्थ में क्रेडिट वॉर… एक ही काम का दो-दो बार हुआ शुभारंभ

हल्का नार्थ के वार्डों में इन दिनों विकास कार्यों से ज्यादा उनका श्रेय लेने की सियासत चर्चा में है। एक दिन पहले भाजपा पार्षद और हल्का नार्थ के विधायक मदन लाल बग्गा के बीच उद्घाटन को लेकर टकराव देखने को मिला था और अब दूसरे ही दिन वार्ड नंबर-93 में भी ऐसा ही नजारा सामने आया है। वार्ड-93 की कांग्रेसी पार्षद भूपिंदर कौर के अधीन सुनील नगर इलाके में सड़कों के निर्माण कार्य को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। पहले पार्षद भूपिंदर कौर ने इलाका निवासियों के साथ मिलकर सड़कों के निर्माण का शुभारंभ किया। इसके कुछ ही समय बाद शहर की मेयर इंद्रजीत कौर और विधायक मदन लाल बग्गा ने भी उसी इलाके में निर्माण कार्य का अलग से शुभारंभ कर दिया। बता दें कि इससे पहले भाजपा पार्षद रोहित सिक्का के वार्ड में भी इसी तरह की जंग छिड़ी थी। विधायक द्वारा जिस कार्य का शुभारंभ किया गया, उसे जनरल कोटे का बताया गया। वहीं पार्षद ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि विधायक साबित करें कि कार्य पार्षद कोटे का नहीं था। अब वार्ड-93 में भी स्थिति कुछ ऐसी ही बन गई है। पार्षद भूपिंदर कौर का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य पार्षद कोटे से पास करवाया गया है, इसलिए उन्होंने शुभारंभ किया। उनका तर्क है कि यदि विधायक को उद्घाटन करना था तो पहले सूचना दी जानी चाहिए थी। लगातार दो दिनों से सामने आ रहे इन घटनाक्रमों ने साफ कर दिया है कि हल्का नार्थ में विकास कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक क्रेडिट वॉर भी चरम पर पहुंच चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *