भास्कर न्यूज | जांजगीर राष्ट्रीय जल दिवस पर बुधवार की सुबह बजे हसदेव नदी के डोंगा घाट, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ में जीवन धारा नमामि गंगे टीम और गणमान्य नागरिकों द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर घाट पर स्वच्छता अभियान, पूजा-अर्चना, आरती और जल शपथ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जीवन धारा नमामि गंगे के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर हरिओम शर्मा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गंगा सेवकों और समाजसेवियों से जल संरक्षण और नदी के कायाकल्प के लिए मिल जुलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें हसदेव नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। नदी में सालभर पानी बना रहे, इसके लिए हमें जल संचयन, पौधारोपण और जल संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य करना होगा। उन्हांेने जल बचाओ, जीवन बचाओ और जल है तो कल है जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए, ताकि सभी लोग जल संरक्षण की दिशा में सक्रिय रूप से योगदान दे सकें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रमा गोस्वामी, सदस्य नवीन सोनी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नदी की स्वच्छता और जल संरक्षण के कार्यों को और बढ़ावा दिया जाएगा। जीवन धारा नमामि गंगे टीम आगे भी जिले के गांवों में जन जागरूकता शिविरों का आयोजन करेगी और नदियों की स्वच्छता में परस्पर सहयोग की भावना के साथ काम करेगी। कार्यक्रम में चांपा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, भाजपा जिला महामंत्री पुरुषोत्तम शर्मा, चेंबर ऑफ कॉमर्स जिला प्रभारी अनिल मनवानी, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राम खूबवानी, पार्षद तिवारी, पार्षद तिवारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स चांपा के अध्यक्ष राजन गुप्ता, चेंबर ऑफ कॉमर्स जांजगीर के कोषाध्यक्ष भरत टहलानी, सदस्य सुरेश जैन, संतोषी गोस्वामी, हर नारायण मानसर, शिवचरण राठौर और अन्य नागरिक उपस्थित रहे। पानी को बचाने का हर संभव प्रयास करें: नामदेव कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि जल को जीवन का स्रोत मानते हुए हमें इसके संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में अपने तन, मन और धन से पूर्ण सहयोग देने का वचन दिया और कहा कि “हम सभी मिलकर जीवनदायिनी मां हसदेव की सेवा करते रहेंगे। पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा-हसदेव नदी चांपा शहर के मां के समान है और इसके घाटों को स्वच्छ बनाए रखने में हम पहले भी विभिन्न संस्थाओं के साथ सहयोग करते रहे हैं। आगे भी हम इस कार्य में जुटे रहेंगे। चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला प्रभारी अनिल मनवानी और भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राम खूबवानी ने भी व्यापारियों की तरफ से जल संरक्षण और नदी की स्वच्छता में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया।


