जयपुर में हाईकोर्ट के बाहर निविक हॉस्पिटल के डॉक्टर सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से जारी वकीलों का धरना यथावत रहेगा। आंदोलनरत वकीलों की संघर्ष समिति ने डॉ सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने का फैसला लिया है। इससे पहले आज(गुरुवार) दिन में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला ले लिया था। लेकिन आंदोलनरत वकीलों ने उनकी बात नहीं मानी। आंदोलनरत वकीलों की संघर्ष समिति के सदस्य अधिवक्ता अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि बार अध्यक्ष ने हमें सहमति पत्र सौंपा था। जिसे हमने संघर्ष समिति के सामने रखा। हमने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि जब तक डॉ सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। बार अध्यक्ष ने कहा था- 6 मांगों पर बनी सहमति राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल ने कहा था- हमारी प्रशासन के साथ लगातार बातचीत चल रही थी। लेकिन सहमति नहीं बन पा रही थी। लेकिन आज हमारी 6 मांगों पर सहमति बन गई है। इसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन, आरजीएचएस से कथित घोटाले की जांच, मेडिकल बोर्ड के पुर्नगठन सहित अन्य मांगों पर सहमति बनी है। सभी तरह की जांच 15 से 20 दिनों में पूरी करके रिपोर्ट हमें सौंपी जाएगी। हमारा भी मानना है कि किसी भी मामले की विस्तृत जांच होनी चाहिए। इसलिए हमने फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया है। हमारे अनुरूप अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन पर फिर से विचार किया जाएगा। करीब 5 महीने पहले डॉक्टर पर हुई थी एफआईआर दरअसल, निविक अस्पताल में वकील जितेन्द्र शर्मा की मां की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वकील ने डॉ. सोनदेव बंसल के खिलाफ इलाज में लापरवाही और आरजीएचएस में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने वकील की शिकायत पर 29 सितंबर 2025 को मामला दर्ज किया था। लेकिन 5 महीने बाद भी डॉक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने सोमवार सुबह 11:30 बजे सड़क जाम करके प्रदर्शन शुरू किया था, जो आज भी जारी हैं। सड़क जाम होने से आमजन परेशान हो रहा वकीलों के जाम के कारण पुलिस ने भगवानदास रोड को बंद करके यातायात को अन्य मार्गों से डायवर्ट कर रखा है। लेकिन मुख्य सड़क के बंद होने से वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक दवाब बढ़ गया है। जिससे सी स्कीम, अशोक मार्ग, गर्वेमेंट हॉस्टल तक दिनभर जाम लगा रहता है। जाम की वजह से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। जयपुर से जुड़ी अपनी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।


