हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव… आज आएंगे नतीजे:1418 रजिस्टर्ड वकीलों में से 1213 ने किया मतदान, 85.54 फीसदी रहा वोट परसेंट

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 2026-2028 के लिए दो वर्षीय कार्यकाल के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। चुनाव में अधिवक्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए भारी संख्या में मतदान किया। एसोसिएशन के कुल 1418 पंजीकृत मतदाताओं में से 1213 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 85.54 फीसदी रहा। आज सुबह 10 बजे से होगी मतगणना मतदान के बाद अब सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो चुका है। मतों की गिनती शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। 17 पदों के लिए 61 उम्मीदवार मैदान में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि हाईकोर्ट में नियमित प्रैक्टिस करने वाले वकीलों ने विशेष रुचि दिखाई है। चुनाव में 17 पदों के लिए कुल 61 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सबसे अधिक गहमागहमी अध्यक्ष पद को लेकर देखी जा रही है। इसके लिए सीनियर एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव, अरविंद सिन्हा, दिनेश कुमार तिवारी, अब्दुल वहाब खान, शैलेन्द्र कुमार बाजपेयी, हनुमान प्रसाद अग्रवाल और रजनीश सिंह बघेल के बीच मुकाबला है। इन पदों के लिए भी हुआ मतदान उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद के लिए दीपक कुमार जैन, भरत लाल सोनी, गौतम खेत्रपाल, अरविंद दुबे, महेन्द्र नाथ दुबे और शशिकांत सोनकर चुनाव मैदान में हैं। महिला उपाध्यक्ष पद के लिए भी मांडवी भारद्वाज, संगीता मिश्रा, मधुनिशा सिंह और रीमा दुबे के बीच जोरदार टक्कर देखी जा रही है। सचिव पद के लिए धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय, रविपाल महेश्वरी, वरुणेंद्र मिश्रा, प्रवीण कुमार तुल्सयान, अनिल त्रिपाठी और संजीव कुमार साहू के बीच मुकाबला है। सह सचिव पद के लिए समीर सिंह, विजय कुमार साहू और कृपेश जी. प्रसाद केला मैदान में हैं। जबकि सह सचिव (महिला) के लिए आस्था शुक्ला और लता नायक के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद के लिए हर आशा पूरन सिंह भाटिया, लवकुश कुमार साहू और जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने अपनी दावेदारी पेश की है। ग्रंथालय सचिव के लिए 5 प्रत्याशी राहुल कुमार मिश्रा, कमलेश्वर प्रसाद साहू, ब्रिजेश सिंह, आदित्य खरे और आशीष बेक मैदान में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *