टोंक में एक रेजिडेंशियल कॉलोनी के ऊपर से निकल रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एक मकान पर गिर पड़ा। परिवार के लोग होली खेलने के लिए मकान से बाहर थे, जिससे जनहानि नहीं हुई। लेकिन घर में बिजली से LED टीवी, मीटर, फ्रीज समेत कई उपकरण जल गए। इससे करीब दो लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हो गया। घटना पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में बस स्टैंड से छावनी जाने वाले रोड के पास स्थित NBC कॉलोनी में हुई। सूचना के बाद भी बिजली निगम से कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा तो गुस्साए पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों ने बस स्टैंड से छावनी जाने वाले रोड पर नारेबाजी करते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बातचीत की। इस दौरान पीड़ित परिवार ने रोते हुए अपनी पीड़ा बताई और कहा कि बिजली निगम की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। सूचना देने के बाद एक घंटे तक भी बिजली निगम के कर्मचारी नहीं आए। इसके बाद हमें रोड पर आना पड़ा है। इसी दौरान फिर बिजली निगम की गाड़ी आई और उसमें सवार कर्मचारी लाइन को ठीक करने में जुटे। बाहर होली खेल रहे थे इसलिए बच गई जान पीड़ित बाबू लाल चावला की बेटी रिंकू चावला ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य होली खेलने के लिए मकान से बाहर थे, उन्हें मकान में विस्फोट होने की आवाज आई तो वे अंदर हुए तो मकान के ऊपर से जा रही हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर पड़ा था। इससे लाखों रुपए के बिजली से संचालित घरेलू उपकरण जल गए।


