छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने नर्सरियों में आधुनिक तकनीक अपनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगम ने न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक (NFT) के उपयोग और भविष्य की योजना तय करने के लिए विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में नर्सरियों में पौधों का उत्पादन बढ़ाना, उनकी गुणवत्ता सुधारना और वन रोपण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने तय किया कि नई तकनीक अपनाकर कम संसाधनों में ज्यादा और बेहतर पौधे तैयार किए जाएंगे। क्या है न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक (NFT) न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक एक आधुनिक हाइड्रोपोनिक पद्धति है, जिसमें पौधों की जड़ों तक मिट्टी की जगह पानी में घुले पोषक तत्व लगातार प्रवाहित किए जाते हैं। इस तकनीक में पौधों को संतुलित और नियंत्रित मात्रा में पोषक तत्व मिलते हैं। कम पानी में अधिक उत्पादन संभव होता है। पौधों की वृद्धि तेज होती है। नियंत्रित वातावरण में उच्च गुणवत्ता के पौधे तैयार किए जा सकते हैं यह तकनीक संसाधनों की बचत करती है और उत्पादन को अधिक करती है। चरणबद्ध तरीके से होगी शुरुआत बैठक में विशेषज्ञों ने तकनीक के फायदे, उपयोग और संभावित चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद निर्णय लिया गया कि वन विकास निगम की नर्सरियों में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। साथ ही कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे तकनीक को सही तरीके से इस्तेमाल कर सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट कार्ययोजना और लंबी समय की रणनीति तैयार करने पर सहमति जताई। इसका लक्ष्य है कि भविष्य में राज्य की नर्सरियां आधुनिक और तकनीक आधारित बनें, जिससे वन रोपण कार्यों की गुणवत्ता और सफलता दर बढ़े।


