भास्कर न्यूज | बालोद डौंडी वन परिक्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन मामले में जांच के दौरान हाईवा चालक से गाली गलौज करने के आरोप में मंगलतराई डिप्टी रेंजर सुशील चंदेल को डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने निलंबित किया है। डौंडी के प्रभारी रेंजर संतोष ठाकुर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए मुख्य वन संरक्षक दुर्ग को पत्र भेजा गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को डौंडी वन परिक्षेत्र के आमाडुला फारेस्ट बैरियर पर चारामा की ओर से आ रही रेत से भरी दो हाईवा को रोका गया था। आरोप है कि जांच के दौरान रेंजर संतोष ठाकुर और डिप्टी रेंजर सुशील चंदेल ने वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार कर मारपीट की। वीडियो वायरल होने पर डीएफओ ने अपने स्तर पर जांच कराई। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों का व्यवहार अमर्यादित पाया गया है। हालांकि रेंजर संतोष ठाकुर और डिप्टी रेंजर ने भी अपने पक्ष में अफसरों को जानकारी दी है कि हाईवा चालकों ने मारपीट की और बंधक बनाकर कुआंगोंदी बैरियर ले गए। एक गाड़ी को छोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। जिसके बाद गाली गलौज, मारपीट की नौबत आ गई। चालकों और अफसरों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया है। पुलिस भी अपने स्तर पर जांच कर रही है।


