हाईवे किनारे पैदल चल रही महिला को कार ने उड़ाया,मौत:बेटे की शादी के लिए लोन पास करवा घर जा रही थी;अगले महीने बेटे की शादी

बेटे की शादी के लिए लोन पास करवाकर घर लौटते वक्त पैदल चल रही 55 साल की महिला सोना देवी को कार ने टक्कर मार दी। मौके पर जुटी भीड़ ने परिजनों को सूचना दी और उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला अलवर शहर के हनुमान सर्किल के पास हाईवे का है। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पति रामचंद्र ने बताया कि उनके बेटे की 27 मार्च को शादी है। शादी के लिए सोना देवी ने बैंक से लोन की फाइल पहले ही लगा दी थी। सोमवार दोपहर बाद वह हनुमान सर्किल के पास एक बैंक में फाइल पर हस्ताक्षर करने आई थीं। बैंक से काम में देर हो गई। इसके बाद वह पैदल ही अपने घर देवखेड़ा की ओर लौट रही थीं, जो वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। हाईवे किनारे पैदल चलते समय तेज गति से आ रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे सोना देवी की अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के एक बेटी और तीन बेटे हैं। फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *