छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 2 ग्रामीण हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें रायगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ग्राम टेंडा के रहने वाले राहुल राठिया (25) और कमल राठिया (24) मंगलवार की शाम को करीब 5 बजे पेड़ पर चढ़े थे। दोनों पेड़ की डालियों की छटनी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे अनबैलेंस हो गए और वहां से गुजर रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर गए। घटना को जब आसपास के लोगों ने देखा तो तत्काल उन्हें इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले गए। रायगढ़ अस्पताल रेफर किया घरघोड़ा BMO डाॅ एसआर पैंकरा ने बताया कि शाम को दोनों को गंभीर हालत में लाया गया था। राहुल करीब 40 प्रतिशत और कमल 15 प्रतिशत तक झुलसा हुआ था। जिनका प्रारंभिक इलाज घरघोड़ा अस्पताल में किया गया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।


