भास्कर न्यूज | जंाजगीर वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) लगाई जा रही है, लेकिन अभी भी कई वाहन चालक इसे लगवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। प्रक्रिया थोड़ी जटिल होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा दो दिवसीय कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 10 और 11 मई को जिला परिवहन कार्यालय परिसर, जांजगीर में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। जिला परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस कैंप का उद्देश्य सभी पंजीकृत वाहनों में एचएसआरपी लगवाना सुनिश्चित करना और आम जनता को इसके लिए प्रेरित करना है। कैंप में वाहन स्वामियों से उनके वाहन का पंजीयन नंबर, आधार कार्ड की जांच कर मोबाइल नंबर अपडेट किया जाएगा और निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। बाइक, मोपेड, स्कूटर, कृषि ट्रैक्टर और ट्रॉली के लिए 365 रुपए, थ्रीव्हीलर के लिए 427 रुपए, हल्के वाहन के लिए 656 रुपए व वाणिज्यिक मध्यम और भारी वाहन (बस, ट्रक आदि) के लिए 705 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए परिवहन कार्यालय में अलग से काउंटर शुरू किया गया है। यहां लोग आरसी पर मोबाइल नंबर अपडेट करवा सकते हैं और नंबर प्लेट बुक कर सकते हैं। शिविर के माध्यम से वाहन चालक तत्काल आरसी कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करवा पाएंगे। वाहन स्वामी स्वयं https:// cgtransport. gov.in वेबसाइट के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं या अपने नजदीकी परिवहन सुविधा केंद्र में जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।


