भास्कर न्यूज | अमृतसर निगम हाउस की दूसरी मीटिंग बुलाने को लेकर करीब 32 दिन से तैयारी चल रही है मगर अब तक डेट फिक्स नहीं हो पाई है। 20 एजेंडे तैयार कर फाइनल लिस्ट मेयर को सौंपे जाने के 9 दिन बाद भी मीटिंग की डेट फिक्स नहीं की जा सकी है। जिस तरह के हालात बने हुए हैं मानो मेयर व कमिश्नर दफ्तर से सिर्फ लैटरबाजी का खेल चल रहा है। दरअसल, हाउस की मीटिंग बुलाने को लेकर एजेंडा तैयार करने से जुड़े मामलों में 3 बार लैटर लिख चुके हैं। जल्द ही हाउस की मीटिंग बुलाई जाएगी। एजेंडा ब्रांच से जो फाइल आई है उसे क्रॉस चेक किया जा रहा था। ताकि यदि कोई डवलपमेंट काम बचे हों तो जोड़ा जा सके। एक-दो दिन में ही डेट फिक्स कर देंगे। -जतिंदर सिंह भाटिया, मेयर सबसे पहले निगम के अलग-अलग विभागों से एजेंडा तैयार करने के लिए लैटर लिखा गया फिर एजेंडा तैयार करने में देरी होने पर रिमांइडर भेजा गया। वहीं, 29 जनवरी को एजेंडा की फाइनल लिस्ट मांगी गई ताकि कोई काम न छूटे। जवाब में बीते 10 फरवरी को कमिश्नर दफ्तर से एजेंडा ब्रांच को 11 फरवरी शाम 4 बजे तक फाइनल कर लिस्ट सौंपने के लिए लिखा गया। वहीं, ब्रांच की तरफ से करीब 20 एजेंडों की फाइनल लिस्ट भेज दी गई लेकिन अब तक हाउस की मीटिंग को लेकर डेट फिक्स होने का इंतजार अफसर-पार्षद कर रहे हैं। बता दें कि मीटिंग नहीं बुलाए जाने की वजह एजेंडा ब्रांच के अफसर डेट फिक्स न होने के कारण तो मेयर एजेंडा तैयार न कर पाने का हवाला देते रहे। यहां तक कि मेयर से मीटिंग बुलाने के बारे पूछने पर हर बार जल्द बुलाने का दावा किया गया है। बता दें कि पहली मीटिंग 29 मार्च 2025 को बुलाई गई थी। दूसरी मीटिंग बुलाने को लेकर कहीं न कहीं मेयर दफ्तर व निगम अफसरों के बीच तालमेल की कमी साफ नजर आ रही है।


