बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की देर शाम हाथी ने दो लोगों की जान ले ली। घटना महुआटांड़ पंचायत के गांगपुर गांव की है, जहां हाथी के आतंक से 50 वर्षीय सोमा साव और उनके 3 वर्षीय पोते अमन की मौत हो गई है। वहीं, सोमा साव के दो नाती, उनकी समधन सहित 5 लोग चोटिल है इनका रिम्स में इलाज चल रहा है। शनिवार को पीड़ितों का हाल जानने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद रिम्स पहुंचे। डॉ. इरफान अंसारी ने पीडितों के परिवार वालों से बातचीत की और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के लिए दिशा निर्देश दिए। कहा कि जो सरकारी प्रावधान के तहत मृतकों और घायलों को मुआवजा दिया जाना है उसके अनुरूप उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। जिनकी मौत हुई है उन्हें 4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए दिए जाने की बात कही। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि हाथियों का झुंड लगातार गांव में घुसकर जान माल की क्षति पहुंचा रहा है, जिससे जानकारी मुख्यमंत्री को भी जानकारी दी गई है। हाथियों के आतंक को कम करने के लिए एक टीम बनाई गई है जो हाथी को इंजेक्शन देकर उसे बेहोश करेगा और दलमा के जंगलों में ले जाया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को हाथी से बचने के लिए टॉर्च मशाल, सोलर लाइट भी मुहैया कराई जा रही है।


