बलरामपुर जिले में दंतैल हाथी के हमले में एक महिला एवं कमिश्नर आफिस के प्यून की मौत हो गई। हाथी ने बीती शाम दंपती पर हमला कर महिला का हाथ उखाड़ दिया था। वहीं तड़के प्यून को कुचल दिया। हाथी के हमले में दो लोगों की मौत से भड़के ग्रामीणों ने छतवा में डिप्टी रेंजर आफिस के सामने चक्काजाम कर दिया। पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों की समझाईश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे 10 हाथियों के दल से अलग होकर बीती शाम करीब 7 बजे एक दंतैल हाथी ग्राम फुलवार पहुंच गया। फुलवार में गेंहू के खेत में पत्नी के साथ गए उस्मान अंसारी (50) वर्ष पर हाथी ने हमला कर उसे घायल कर दिया। हाथी को पति पर हमला करते हुए उसकी पत्नी अस्मीना अंसारी (45) वर्ष हाथी से भिड़ गई। पति को बचाने गई महिला का हाथ उखाड़ा
हाथी का ध्यान भटका तो मौका पाकर उस्मान अंसारी उठकर भाग निकला। अस्मीना अंसारी को हाथी ने पकड़ कर पटक दिया और उसका मौके से भाग गया। हाथी ने अस्मीना का बायां हाथ उखाड़ दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उस्मान का शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे और दोनों घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। अंबिकापुर हॉस्पिटल में महिला की मौत
रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दोनों को अंबिकापुर रेफर कर दिया। दोनों को अंबिकापुर के मिशन हॉस्पिटल में दाखिल कराया। मिशन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अस्मीना अंसारी की मौत हो गई। वहीं पति उस्मान का उपचार किया जा रहा है। महुआ बिनने गए प्यून को कुचलकर मार डाला
फुलवार से निकलकर हाथी देर रात रामपुर पहुंच गया। रामपुर में तड़के करीब 3 बजे महुआ बिनने गए दुर्गा प्रसाद (48) वर्ष को हाथी ने कुचल दिया। हाथी द्वारा कुचल दिए जाने से दुर्गा प्रसाद की मौत हो गई। दुर्गा प्रसाद राजपुर ब्लॉक के जिगड़ी बासने का निवासी था और अंबिकापुर कमिश्नर आफिस में भृत्य था। दुर्गा प्रसाद की जमीन रामपुर में है। वह पत्नी एवं बच्चों के साथ रामपुर आया था और तड़के ही महुआ बिनने के लिए खेत में गया हुआ था। दंतैल हाथी रात को पास पहुंचा तो दुर्गा प्रसाद को पता नहीं चला। दुर्गा प्रसाद की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हाथी के हमले में दो की मौत से भड़के ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह छतवा में डिप्टी रेंजर कार्यालय के सामने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर रेंजर संतोष पांडेय एवं एसडीओपी बाजीलाल सिंह की टीम मौैके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बाद भी वनविभाग की टीम रात को मौके पर नहीं पहुंची। हाथियों की निगरानी नहीं की जा रही है और पहले से सूचना भी नहीं दी जा रही है। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। रामचंद्रपुर ब्लॉक में विचरण कर रहे 10 हाथी
रामचंद्रपुर ब्लॉक में 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इस दल से अलग हुए दंतैल हाथी ने फुलवार एवं रामपुर में दो लोगों को मार डाला। हाथियों का दल छतवा के जंगल में डटा हुआ है। हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीण दहशत में हैं। महुआ का सीजन होने के कारण ग्रामीण तड़के ही घरों से निकल जाते हैं। वनविभाग ने अंधेरे में ग्रामीणों को घर से न निकलने एवं जंगल में न जाने की सलाह दी है। हाथियों की मौजूदगी से स्कूली बच्चे भी सहमें हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर हाथियों की निगरानी भी की जा रही है।


