जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुए विस्फोट हादसों में दो लोगों ने अपने हाथ गंवा दिए। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के बोदला गांव की है, जहां मछली पकड़ने के लिए टोटा बम ब्लास्ट होने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी घटना आनंदपुरी क्षेत्र की है, जहां नदी पर पुल निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग करते समय एक मजदूर का हाथ का पंजा उड़ गया। केस 1: बोदला की नदी में फटा टोटा सदर थाना क्षेत्र के बोदला गांव की नदी में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे 40 वर्षीय रूपजी पुत्र खोमा मछली पकड़ने गया था। मछली मारने के लिए उसने जैसे ही देशी विस्फोटक (टोटा) हाथ में लिया, वह अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि रूपजी के एक हाथ का पंजा पूरी तरह उड़ गया और दूसरे हाथ की दो अंगुलियां कटकर अलग हो गईं। परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उसे महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार और हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया। केस 2: पुल निर्माण में ब्लास्टिंग हादसे की दूसरी खबर आनंदपुरी थाना क्षेत्र से आई है। यहाँ परवाली निवासी घायल युवक के परिजनों ने बताया की युवक अनास नदी पर बन रहे पुल के कार्य में लगा था। वह निर्माण कार्य के लिए पत्थरों में ब्लास्टिंग कर रहा था। ब्लास्टिंग के दौरान हुए अचानक विस्फोट की चपेट में आने से युवक के एक हाथ का पंजा उड़ गया। घायल को तत्काल एमजी अस्पताल लाया गया, जहां उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।


