हाथों में संविधान की पुस्तक लेकर एक दूजे के हुए

भास्कर न्यूज | कोंडागांव जिला मुख्यालय स्थित सामाजिक संगठन बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था द्वारा भारतीय संविधान को जन-जन तक पहुंचाने और उसे सामाजिक जीवन से जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल निरंतर की जा रही है। संस्था वर्षों से विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में भारतीय संविधान की प्रतियां लोकहित में सुलभ कराकर संविधान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत खुटपारा, सोनाबाल (तहसील मर्दापाल) निवासी जगत नेताम के पुत्र एवं पुत्रवधू को उनके वैवाहिक आशीर्वाद समारोह के अवसर पर मंच से भारतीय संविधान की प्रति भेंट की गई। नवदंपती को संविधान की प्रति सौंपते हुए उनके सुखमय, समरस और न्यायपूर्ण वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं की गईं। संस्था का मानना है कि विवाह जैसे पावन अवसर पर संविधान भेंट करना केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि समानता, अधिकार और कर्तव्य आधारित जीवन की प्रेरणा देने वाला कदम है। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सुधराम मरकाम, पूर्व अध्यक्ष मुकेश मार्कंडे, हितेंद्र कुमार श्रीवास एवं संदीप कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। गौरतलब है कि संस्था द्वारा दबे-कुचले समाज के महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर विशेष आयोजन कर उनके राष्ट्रहित एवं समाज हितकारी कार्यों को जनमानस तक पहुंचाने का कार्य भी किया जाता है। तृणमूल स्तर पर की जा रही यह पहल अब जनजागरण का स्वरूप लेती दिखाई दे रही है। समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में यह अभिनव प्रयास निस्संदेह सराहनीय है, जो आने वाली पीढ़ियों को संविधान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *