हाथ पर सुसाइड नोट लिख छात्र फांसी पर झूला

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित छू लो आसमान के हॉस्टल में सोमवार सुबह एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से हॉस्टल समेत पूरे इलाके में स्तब्धता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृत छात्र की पहचान सोन कुमार तेलाम के रूप में हुई है। वह नेरली गांव का रहने वाला था। 10वीं कक्षा में अध्ययनरत था। बताते हैं कि हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्र रोज की तरह सुबह करीब 4 बजे उठे, इस दौरान उन्होंने सीढ़ी के ऊपरी हिस्से में सोन कुमार को गमछे के सहारे फंदे से लटका देखा। छात्रों ने तत्काल हॉस्टल प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई। खुदकुशी करने वाले छात्र ने अपने हाथ पर पेन से लिखा था… अलविदा दोस्तों। ये मैं अपनी मर्जी से कर रहा हूं। किसी को परेशान न करें। छात्र ने खुदकुशी का कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। परीक्षा का दबाव या अन्य कारण से वह परेशान था, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डीईओ प्रमोद ठाकुर की मौजूदगी में पंचनामा किया गया। शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *