हादसे रोकने 100 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशिक्षण

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले में सड़क हादसों में कमी लाने और घायलों को समय पर इलाज दिलाने के लिए 100 लोगों को सड़क सुरक्षा मितान बनाया गया है। ये मितान जिले के अलग-अलग गांवों और नगरीय निकायों से चुने गए हैं। गुरुवार को रक्षित केंद्र बैकुंठपुर के कांफ्रेंस हॉल में सड़क सुरक्षा मितानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला रखी गई। कार्यशाला में एसपी रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। हादसे लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से हो रहे हैं। यदि सभी नियमों का पालन करें, तो हादसे कम होंगे। उन्होंने कहा कि मितानों को निस्वार्थ भाव से लोगों की जान बचाने का अवसर मिला है। इसे पूरी मेहनत और निष्ठा से निभाएं। एसपी ने सभी मितानों को परिचय पत्र देने की बात कही। साथ ही कहा कि वे पुलिस मित्र बनकर अन्य गतिविधियों में भी सहयोग कर सकते हैं। अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यशाला में डाएसपी श्याम मधुकर ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को गुड सेमेरिटन बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सोलेशियम फंड की जानकारी दी और सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उनि बीरबल राजवाड़े, सउनि धनंजय सिंह, किशुन भगत और यातायात स्टाफ मौजूद रहे। संचालन यातायात महेश मिश्रा ने किया। उन्होंने मितानों को यातायात नियमों और संकेतों की जानकारी दी। सड़क सुरक्षा मितान लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेंगे। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और सड़क पर सावधानी से चलना इनके मुख्य उद्देश्य हैं। ये मितान हादसे के समय घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद करेंगे। इससे जागरूकता बढ़ेगी और लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *