रांची के सदर अस्पताल में इलाज की सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब दिल के मरीजों के लिए राहत की खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल में कैथलैब इंस्टॉलेशन को मंजूरी दे दी है, जिससे अगले 3-4 महीनों में हार्ट में पेसमेकर और स्टेंट लगाने की सुविधा बेहतर तरीके से शुरू हो सकेगी। इसके साथ ही एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी मरीजों को मिलेंगी। फिलहाल सदर अस्पताल में हृदय के मरीजों के लिए ओपीडी और इनडोर की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन गंभीर मामलों में मरीजों को रिम्स या प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। कैथलैब शुरू होने से मरीजों को एक ही छत के नीचे पूरी चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। स्वास्थ्य विभाग से मंजूरी मिलने के बाद जिला स्तर पर टेंडर की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। टेंडर फाइनल होने के बाद चुनी गई एजेंसी को 90 दिनों के भीतर कैथलैब तैयार करना होगा। सीटी स्कैन मशीन जल्द आएगी : सदर अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। मशीन अप्रैल के पहले हफ्ते में पहुंच जाएगी। इंस्टॉलेशन के बाद ट्रायल किया जाएगा और फिर मरीजों को सस्ती दरों पर सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को महंगे प्राइवेट स्कैन सेंटरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।


