हिंडौन सिटी। सूरौठ थाना पुलिस ने 15 वर्ष से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भरतपुर जिले के चंदोलपुरा निवासी हंसराज उर्फ हंसा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हंसराज उर्फ हंसा के खिलाफ भरतपुर के गढ़ी बाजना, रुदावल, वैर और सूरौठ थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह हथियारों के बल पर लूट की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। वर्ष 2015 में रुदावल में हथियारों के साथ लूट की वारदात करने के बाद से वह फरार चल रहा था। आरोपी अपनी पहचान छुपाकर हैदराबाद के सिकंदराबाद में रह रहा था। आरोपी के सिकंदराबाद में होने की सूचना मिलने पर सूरौठ पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। थाना प्रभारी सोहन सिंह के नेतृत्व में गठित इस टीम में एएसआई विष्णु कुमार, पुष्प कुमार, पुष्पेंद्र, अजय और देशराज जैसे पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ने गहनता से कार्रवाई करते हुए हंसराज उर्फ हंसा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और फिर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।


