हिंडौन सदर थाना क्षेत्र के खरेटा गांव में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस मारपीट में धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्यूटी डॉक्टर रिंकू मीना ने बताया कि घायलों की पहचान खरेटा निवासी पवन (31) और लवकुश (34) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, पवन और लवकुश घर के पास बने एक मंदिर के बाहर सो रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के 6-7 लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर आए और उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घायलों ने बताया कि वे महाशिवरात्रि पर सोरोजी से गंगाजल लेकर आए थे। महाशिवरात्रि के देर रात तक चले आयोजन के कारण वे थके हुए थे और दोपहर में सो गए थे। झगड़े का कारण यह बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष ने दूसरे पक्ष को अपनी किराने की दुकान से उधार सामान देने से मना कर दिया था, जिसके बाद दूसरा पक्ष झगड़ा करने पहुंचा। पीड़ित पक्ष ने इस घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


