भास्कर न्यूज | जालोर शहर में 23 जनवरी को तेज गति से स्कॉर्पियो चलाते हुए स्कूटर सवार दंपती को टक्कर मारने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से मंगलवार को पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस अधीक्षक व कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया कि टक्कर में घायल चुन्नीलाल की मौत हो चुकी है और उनकी पत्नी का इलाज अभी चल रहा है। मामले में मृतक चुन्नीलाल के पुत्र खसाराम माली ने बताया कि 23 जनवरी की दोपहर उनके पिता चुन्नीलाल और मां नेनू देवी स्कूटी से एफसीआई से महेशपुरा रोड स्थित पिपलीवाला जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास हाईवे पार करते समय बिशनगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में मां और पिता को सिर, हाथ व पैरों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर जालोर ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर पालनपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 29 जनवरी को उसके पिता चुन्नीलाल का पालनपुर में निधन हो गया, जबकि नेनू देवी का इलाज जारी है। ज्ञापन में बताया कि इस संबंध में 26 जनवरी 2026 को पुलिस थाना जालोर में मामला दर्ज करवाया गया। लेकिन आज तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। परिजनों की ओर से संदिग्ध वाहन नंबर GJ03LM7779 की सूचना भी पुलिस को दी गई थी। उक्त वाहन को 6 फरवरी को कोतवाली थाने लाया गया और CCTV फुटेज की जानकारी भी दी गई, लेकिन 7 फरवरी को वाहन को छोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतने ठोस सबूतों के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अब परिवार ने एसपी व कलेक्टर को ज्ञापन देकर मांग की है कि दोषी ड्राइवर को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार धरने पर बैठने को मजबूर होगा।


