हिमाचल के डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने बिलासपुर में मंच से मुख्य सचिव पर तंज कसते हुए कहा, अफसरों व कर्मचारियों को बता दो सरकार नहीं गिरने वाली नहीं है। रोज-रोज चर्चाएं करते हैं, बंद कमरों में। सभी को पता हो कि सरकार गिरने वाली नहीं है। अग्निहोत्री के इस बयान से सियासी गलियारों में अलग अलग मायने निकाले जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मंच पर बैठे हिमाचल के पुलिस महानिदेशक पर भी निशाना साधा। अग्निहोत्री ने कहा, समोसा कांड में मुख्यमंत्री का नाम घसीटना गलत है। अग्निहोत्री ने कहा, हिमाचल के मुख्यमंत्री न खुद समोसा खाते हैं और न हमे खाने देते हैं। ये पुलिस का समोसा था। DGP साहब को अपना समोसा संभाल कर रखना चाहिए था। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, सरकार गिराने के लिए बाजुओं में दम जरूरी है। हम जानते हैं कि बीजेपी नेताओं की बाजुओं में कितना दम है? जब हमारी सरकार बनी थी तब भी 40 थे। अब भी 40 है। उन्होंने बीजेपी को चुनौती दी तुम सरकार गिराकर दिखा दो। उन्होंने कहा, बीजेपी से सरकार तो नहीं गिरी। अब सरकार को बदनाम करने में लगे है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता दिल्ली जाकर हिमाचल की आर्थिक मदद रोकते हैं। ये लोग हिमाचल विरोधी है। उन्होंने कहा, हिमाचल में भर्तियों के जितने भी रिजल्ट रुके हुए हैं, उनके एक महीने के भीतर रिजल्ट निकाल दिए जाएंगे। उन्होंने यह बात बिलासपुर में सरकार के दो साल के कार्यक्रम के दौरान मंच से कही। कांग्रेस सरकार के 2 साल के जश्न कार्यक्रम में बिलासपुर में भारी भीड़ उमड़ी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के गृह विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर का लुहणू मैदान लोगों से खचाखच भर गया है। सुक्खू सरकार ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ थीम पर कार्यक्रम कर रही है। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला जरूर इस कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रतिभा बोली-मोदी ने आपदा में मदद नहीं की कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा में भी हिमाचल की मदद नहीं की। केंद्र सरकार से एक रुपए की भी अतिरिक्त मदद हमे नहीं मिली। राज्य सरकार ने अपने बजट से 4500 करोड़ रुपए का स्पेशल पैकेज आपदा प्रभावितों की मदद को दिया। बंबर ठाकुर पर भड़की प्रतिभा इस दौरान प्रतिभा सिंह बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर भड़क गई। दरअसल, बंबर ने प्रतिभा को अपनी बात जल्दी समाप्त करने को कहा। इस पर वह नाराज हो गई। बीजेपी ने विधायक खरीदकर सरकार गिराने की कोशिश की: धर्माणी मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा, भाजपा ने दलाली करके कांग्रेस के कुछ विधायकों की खरीद-फरोख्त की और सरकार गिराने की कोशिश की। इससे इनकी सदस्यता चली गई। इसके बाद प्रदेश की जनता ने उप चुनाव में कांग्रेस को दोबारा जनादेश दिया। इससे बीजेपी का असली चेहरा सामने आया। बीजेपी ने सरकार गिराने का किया प्रयास, जनता ने सिखाया सबक कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा, कांग्रेस सरकार को BJP ने गिराने व अस्थिर करने का पूरा प्रयास किया। मगर प्रदेश की जनता ने इस प्रकार का घिनौना काम करने वाली बीजेपी को उप चुनाव में सबक सिखाया। उन्होंने कहा,राइट टू फूड कानून पूर्व यूपीए सरकार ने बनाया, जिसके तहत देश के गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। राइट टू एजुकेशन, राइट टू इनफार्मेशन और मनरेगा जैसे कानून भी पूर्व कांग्रेस सरकार ने बनाए। चंद्र कुमार ने कहा, कि कुछ साल पहले सेना में जाने के लिए युवा सुबह सुबह सड़कों पर उतरते थे। मगर आज एक भी युवा सड़क पर नजर नहीं आता। अब मॉर्निंग वॉक के टाइम में सड़कों पर सिर्फ कुत्ते नजर आते है। उन्होंने कहा, महिलाओं को कांग्रेस सरकार में 400 रुपए में सिलेंडर मिलता था। अब 1100 रुपए देने पड़ रहे है। उन्होंने कहा, देश में आज विकास नहीं, बल्कि हिंदू-मुस्लिम की बात होती है। सीएम सुक्खू ने 6 योजनाएं लॉन्च की इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने 6 योजनाएं लॉन्च की। इस दौरान 5 आयुष मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाई। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में गोबर खरीद और कौशल विकास की गारंटी दी थी। कोशल विकास के लिए स्टार्ट अप योजना शुरू की जा रही है। इसके लिए 680 करोड़ का स्टार्ट अप फंड रखा गया है। इस योजना के तहत बेरोजगारों को ई-टैक्सी देकर स्वरोजगार दिया जाएगा। इनकी गाड़ियां सरकारी विभागों में लगाई जाएगी और परमानेंट इनकम सुनिश्चित की जाएगी। सीएम सुक्खू ने कहा, पुरानी पेंशन योजना और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के लाभार्थियों को चेक भी वितरित और स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया। 700 जवानों ने संभाला सुरक्षा का जिम्मा इस कार्यक्रम के दौरान 700 जवान सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किए गए है। सभी लोगों को पंडाल में जांच के बाद एंट्री दी गई है। लुहणू मैदान में सुबह 9 बजे से लोग जुटने शुरू हो गए थे।