हिमाचल के 7 जिलों में आज भारी बर्फबारी:कल भी ऊंचे क्षेत्रों में खराब रहेगा मौसम, शिमला का मैक्सिमम टैम्परेचर नॉर्मल से 11.4 डिग्री ज्यादा

हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश व बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने सात जिलों में इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बीती रात से ही मौसम खराब बना हुआ है। IMD के अनुसार, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति, मंडी और शिमला जिला के कुछेक स्थानों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। अगले कल यानी 7 जनवरी को चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला की ऊंची चोटियों पर ही हल्का हिमपात हो सकता है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ हो जाएगा। बारिश-बर्फबारी के पहले पहाड़ों के तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। शिमला का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 11.4 डिग्री ज्यादा के साथ 23 डिग्री पहुंच गया है। बीते शनिवार को यह 23.1 डिग्री था। यह आज तक का जनवरी महीने का रिकॉर्ड टैम्परेचर है। इससे पहले शिमला का रिकॉर्ड तापमान 30 जनवरी 2006 को 21.4 डिग्री था। केलांग का तापमान नॉर्मल से 10.1 डिग्री ज्यादा लाहौल स्पीति के केलांग के तापमान में भी सामान्य की तुलना में 10.1 डिग्री का उछाल आया है। केलांग का मैक्सिमम टैम्परेचर 6.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आमतौर पर जनवरी में केलांग का तापमान माइनस में रहता है। सुंदरनगर का अधिकतम तापमान भी 25.2 डिग्री पहुंच गया है, जोकि नॉर्मल से 7.6 डिग्री अधिक है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 5.5 डिग्री ज्यादा हो गया है। कुल्लू के भुंतर का मैक्सिमम टैम्परेचर भी नॉर्मल से 6.3 डिग्री के उछाल के साथ 22 डिग्री हो गया है। ऐसे में यदि आज बारिश-बर्फबारी होती है तो इससे तापमान में गिरावट आएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *