पंजाब के बाइकर्स हिमाचल पुलिस के टारगेट पर आ गए हैं। 2 दिन में पुलिस ने 950 से ज्यादा बाइकर्स के चालान काट दिए हैं। हिमाचल पुलिस का कहना है कि पंजाब से बड़ी संख्या में बाइकर्स बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट वाली बाइक, ट्रिपल राइडिंग और तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस वजह से एक तरफ ट्रैफिक जाम लग रहा है तो दूसरी तरफ हादसे का भी खतरा बना हुआ है। लोकल लोग भी इनका विरोध कर रहे हैं। लाहौल स्पीति की कांग्रेस MLA अनुराधा बाली ने तो सीधे चेतावनी तक दे डाली कि घूमने आइए तो स्वागत है। लेकिन गंदगी फैलाओगे तो बख्शेंगे नहीं। उन्होंने पुलिस से इन पर सख्त कार्रवाई के लिए भी कहा है। हिमाचल में जाते पंजाब के बाइकर्स के PHOTOS… इस तरह से हिमाचल से गुजर रहे पंजाब के बाइकर्स
पंजाब से गए बाइकर्स झुंड में आगे बढ़ रहे हैं। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर तो 2 युवक एक खराब बाइक को दूसरी बाइक पर रखकर ले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस लापरवाही से उनकी ही नहीं बल्कि रोड पर चल रहे दूसरे लोगों की जान को भी खतरा है। पुलिस का कहना है कि बिलासपुर जिले से लेकर कुल्लू, मंडी और लाहौल स्पीति में पिछले 3-4 दिन से बाइकर्स की काफी तादाद हो गई है। ये बाइकर्स कुल्लू में मणिकर्ण साहिब के दर्शन करने के बाद मनाली और अटल टनल रोहतांग पहुंच जाते हैं। लोकल लोगों की शिकायत है कि ये बिना देखे ओवरटेक करते हैं। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं है और ट्रिपल राइडिंग भी की जा रही है। कांग्रेस MLA बोलीं- हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई के लिए कहा
लाहौल स्पीति की कांग्रेस MLA अनुराधा राणा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अन्य प्रदेश के कुछ शरारती तत्व हमारे शांत इलाके में हुड़दंग मचा रहे हैं। SP ने इन पर कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) बनाई है। आप घूमने आएं तो स्वागत है। लेकिन गंदगी फैलाने और शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


