हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर तीन दिन से बर्फबारी हो रही है। किन्नौर, चंबा और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर आज (मंगलवार को) भी ताजा हिमपात हुआ। अन्य भागों में बारिश जारी है। लाहौल स्पीति के रोहतांग दर्रा, बारालाचा व शिंकुला दर्रा में दो फीट बर्फबारी हो चुकी है। गोंदला में सवा फीट और केलांग में भी एक फीट बर्फ गिर गई है। चंबा के मणिमहेश, कुगती व साचपास में भी एक फीट से अधिक हिमपात हो चुका है। किन्नौर की ऊंची चोटियों पर भी आज सुबह से बर्फबारी हो रही है। किन्नर कैलाश और छितकुल में 3 इंच से ज्यादा स्नोफॉल हो चुका है। भारी बर्फबारी के बाद दारचा में 200 से ज्यादा ट्रक सड़क पर फिसलन बढ़ने से फंस गए हैं। शिमला जिला के रोहड़ू के चांशल में भी 2 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। पहाड़ों पर अर्ली स्नोफॉल से अक्टूबर के पहले सप्ताह में ही दिसंबर जैसी ठंड हो गई है। केलांग का तापमान माइनस 0.5 डिग्री और कुकुमसैरी का माइनस 0.3 डिग्री तक लुढ़क गया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी नॉर्मल से 11.5 डिग्री कम हुआ है। कई शहरों का तापमान नॉर्मल से 18 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 17.8 डिग्री कम होने के बाद 14.7 डिग्री सेल्सियस रह गया है। हिमाचल में बर्फबारी के PHOTOS..