हिमाचल में पिकअप के ऊपर बैठे 5 लोगों की मौत:पंजाब से टेंट का सामान लेकर जा रहे थे, उछलकर पुल से नीचे गिरे

हिमाचल के मंडी जिले में रविवार सुबह टेंट का सामान लेकर जा रही एक महिंद्रा पिकअप पुल पर रेलिंग से टकरा गई, जिसमें इस पर बैठे 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। पिकअप में कुल 6 लोग ही सवार थे। पुलिस के अनुसार, सभी मरने वाले और घायल ‌‌व्यक्ति पंजाब के रहने वाले हैं। इनमें से 4 लोग गाड़ी के रेलिंग से टकराने के बाद पुल से नीचे गिर गए थे। फिलहाल, घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों को पता लगाया जा रहा है। एक्सीडेंट के PHOTOS… कमांद पुल के पास हादसा हुआ
यह हादसा मंडी जिले के कटौला क्षेत्र में आईआईटी कमांद पुल के पास हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद रहे लोगों ने बताया है कि सुबह करीब 9 बजे एक पिकअप गाड़ी (PB02EG-4543) कमांद पुल के पास वाले कंकरीट के पुल से गुजर रही थी। इसमें कुल 6 लोग सवार थे। लोगों के अनुसार, पिकअप में टेंट का सामान भरा हुआ था। वाहन पीछे से खुला हुआ था, जिसमें सामान के ऊपर ही 4 लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी पुल पर बनी रेलिंग से टकरा गई। जैसे ही महिंद्रा पिकअप रेलिंग से टकराई, तो पीछे सामान पर बैठे लोग उछलकर पुल के नीचे बह रहे खड्‌ड के पास जा गिरे। कमांद पुलिस चौकी के अधिकारी के मुताबिक, पुल के नीचे गिरे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गाड़ी के कैबिन में बैठे ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल है। जबकि, ड्राइवर की बगल में बैठे व्यक्ति की भी मौत हो गई है। इन लोगों की जान गई, ड्राइवर घायल
पुलिस के अनुसार, गाड़ी पंजाब के अमृतसर से आई थी और सामान लेकर IIT कमांद जा रही थी। इस हादसे में लुधियाना के रहने वाले हरवंश सिंह के बेटे सुखविंदर सिंह, अमृतसर के प्रतापनगर के रहने वाले राजा राम के बेटे उमेश कुमार और फिरोजपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार के बेटे सागर की मौत हुई है। पुलिस ने बताया है कि अन्य 2 मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। जबकि, गाड़ी का ड्राइवर तरनतारन के गांव मलिया के रहने वाले जगतार सिंह का बेटा दलजीत है। वह घायल है। उसका इलाज मंडी के जोनल अस्पताल में चल रहा है। घायल ड्राइवर ने बताया- ब्रेक फेल हो गए थे
वहीं, हादसे में घायल ड्राइवर दलजीत ने बताया है कि रात को वह टेंट का सामान लेकर अमृतसर से कमांद की ओर आ रहे थे। रात को वह सुंदरनगर में रुके थे और वहां से सुबह कमांद की ओर निकले। जब वह पुल पर पहुंचे तो ब्रेक नहीं लगे, जिससे यह हादसा हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *