हिमाचल सीएम का भाजपा पर तंज:सुखविंदर बोले- पिछली सरकार ने प्रदेश को 21वें स्थान पर पहुंचाया, 184.33 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के जवाली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने पूर्व की भाजपा सरकार पर तंज कसा और कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में 184.33 करोड़ रुपए की 15 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कोटला पुलिस चौकी बनेगी थाना मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कोटला पुलिस चौकी को पूर्ण पुलिस स्टेशन में अपग्रेड किया जाएगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर घाड़ और त्रिलोकपुर बारी में विज्ञान कक्षाएं तथा अमलेला और पलोदा में चिकित्सा कक्षाएं शुरू की जाएंगी। जवाली में बहुउद्देशीय खेल मैदान के लिए भी धन आवंटित किया जाएगा। सुक्खू ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी लाभ के लिए 5000 करोड़ रुपए खर्च किए गए और बिना स्टाफ व बजट के 900 संस्थान खोले गए। उन्होंने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि दो साल में कई चुनौतियों के बावजूद व्यवस्था में सुधार के लिए साहसिक निर्णय लिए गए हैं। अप्रैल से बीपीएल सर्वे होगा शुरू : सीएम मुख्यमंत्री ने सब्सिडी व्यवस्था में सुधार की जानकारी देते हुए बताया कि 1000 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी छोड़ी है। सरकार अप्रैल में बीपीएल सर्वेक्षण फिर से शुरू करेगी, जिससे वास्तविक लाभार्थियों को सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह कठिन समय में प्रदेश के लिए केंद्र से कोई विशेष सहायता प्राप्त करने में विफल रही। इससे पूर्व सुक्खू का जवाली में विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *