हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बनखंडी में नॉर्थ इंडिया के सबसे बड़े पार्क का काम अंतिम चरण में है। इसके निर्माण कार्य का जायजा लेने मंगलवार को बनखंडी पहुंचे CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि, इस पार्क में 78 प्रजातियों के जानवर रखे जाएंगे। इस पार्क में एशियाई शेर, हॉग डियर, मॉनिटर लिजर्ड, मगरमच्छ, घड़ियाल और विभिन्न पक्षियों के प्रजातियों के साथ 78 प्रजातियों के जानवर रखे जाएंगे। उन्होंने कहा, इस चिड़ियाघर में एक वेटलैंड एवियरी भी होगी। इसमें देसी प्रजाति के पक्षी रखे जाएंगे। 619 करोड़ से बन रहा जूलॉजिकल पार्क बनखंडी में 619 करोड़ रुपए की लागत से जूलॉजिकल पार्क बनाया जा रहा है। इसका 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर दिया गया है। सीएम सुक्खू ने शेष कार्य जल्द पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा जल संग्रहण के लिए और चेकडैम बनाने को कहा। CM बोले- पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा सीएम ने कहा, कि इस पार्क के बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। क्षेत्र के अद्वितीय सौन्दर्य और पर्यावरण अनुकूल अधोसंरचना के फलस्वरूप यह उद्यान जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करेगा। देहरा में 100 करोड़ के विकास कार्य का उद्घाटन-शिलान्यास मुख्यमंत्री सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए लागत के छह प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने हरिपुर तहसील के बनखंडी में 47.62 करोड़ रुपए की लागत से अस्पताल प्रशासन व डायगनोस्टिक ब्लॉक, केंद्रीयकृत रसोईघर, क्वारंटीन केंद्र और 16.25 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ पेयजल योजना की आधारशिला रखी। उन्होंने 12.87 करोड़ रुपए की लागत से हरिपुर से सक्री गैहरा सड़क के स्तरोन्नयन कार्य, 6.64 करोड़ रुपए की लागत से थाथर त्रिपाल से मेहवा पंचायत सड़क और 10.29 करोड़ रुपए की लागत से गुलेर से नंदपुर बरियाल लदरेट सड़क की आधारशिला भी रखीं। इस दौरान उन्होंने देहरा तहसील में 4.96 करोड़ रुपए की लागत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इससे पहले सीएम सुक्खू ने विधायक पत्नी कमलेश ठाकुर के साथ मां बगलामुखी मंदिर बनखंडी में शीश नवाया। उन्होंने प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री सुक्खू दो दिन से कांगड़ा और हमीरपुर के दौरे पर हैं। कल शाम तक वह वापस शिमला लौटेंगे।


