भाजपा के पूर्व पार्षद राकेश पोरवाल के खिलाफ शहर के हिरण मगरी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता की ओर से दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि आरोपी पूर्व पार्षद राकेश पोरवाल ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता नर्सिंग स्टूडेंट बुधवार को शाम को पुलिस थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। पीड़िता ने दी रिपोर्ट में बताया कि पूर्व पार्षद राकेश पोरवाल ने राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। कहा था कि अच्छी नौकरी लगवा देगा। इसी कारण वह मुझे बार-बार अपने पास बुलाता रहा। इसी का फायदा उठाकर उसने दुष्कर्म किया। किसी को भी इस बारे में नहीं बताने की धमकी दी। कुछ माह बीतने के बाद जब युवती को रोजगार नहीं मिला तो पीड़िता ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। एसपी योगेश गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच डीएसपी को सौंपी। मामले की जांच डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को सौंपी गई है, जो मामले की जांच में जुटे हैं। इस संबंध में आरोपी पोरवाल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ है। चुनाव की तैयारियों के बीच झटका आरोपी भाजपा नेता व पूर्व पार्षद राकेश पोरवाल के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद भाजपा में सियासी भूचाल आ गया है। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच इस से भाजपा और पोरवाल दोनों को बड़ा सियासी झटका लगा है। अब पूर्व पार्षद पोरवाल के लिए फिर से पार्षद का टिकट लेना मुश्किलभरा रहेगा।


