हिस्ट्रीशीटर को किडनैप कर जंगल में ले गए, पीट-पीटकर हत्या:अधमरी हालत में 5 किलोमीटर तक घुमाते रहे, फिर गाड़ी में छोड़कर भागे बदमाश

दौसा में हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हिस्ट्रीशीटर को किडनैप कर बदमाश जंगल में ले गए और बेहरमी से पीटा। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर 5 किलोमीटर तक घुमाते रहे और फिर अधमरी हालत में कार में छोड़कर भाग गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हिस्ट्रीशीटर की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा- आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे। मामला बैजूपाड़ा थाना क्षेत्र के लोटवाड़ा गांव का है। महवा के बालाहेडी थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बताया- मृतक कुंजीलाल मीणा के खिलाफ बालाहेडी थाने में लूट, मारपीट अन्य अपराधों के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। इसे बालाहेडी थाने का हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया था। प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का मामला
थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया- रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि कुछ बदमाशों ने कुंजीलाल मीणा (30) निवासी मुंड फोड़ी के साथ मारपीट की और उसे अधमरी हालत में लोटवाड़ा गांव लेकर आए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोस्त से मिलने गया था, रास्ते में घेरकर किया हमला
मृतक के भाई सुरेश मीणा ने बताया- शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कुंजीलाल अपनी स्विफ्ट कार से अपने दोस्त मोनू मीणा और चेतराम मीणा से मिलने गया था। चेतराम को बड़ा गांव छोड़ने के बाद कुंजीलाल और मोनू मीणा लौट रहे थे, तभी पहले से प्लानिंग के अनुसार, रलावता-रूपबास के जंगलों के पास 3 गाड़ियों में आए 10-12 बदमाशों ने कार रुकवा ली। सुरेश ने बताया- मुझे मोनू ने जानकारी दी कि बदमाशों ने कुंजीलाल को कार से उतारा और जंगल में ले गए, जहां लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने मोनू को भी पीटा। हमले में कुंजीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। अधमरी हालत में गाड़ी में घुमाते रहे
सुरेश ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने कुंजीलाल को अधमरी हालत में गाड़ी में डाला और 5 किलोमीटर तक घुमाते रहे। इसी दौरान लोटवाड़ा गांव से किसी परिचित ने मुझे फोन कर बताया कि कुंजीलाल को अधमरी हालत में कुछ बदमाश गाड़ी में डालकर घुमा रहे हैं। सूचना मिलते ही मैं परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। लोटवाड़ा गांव में कुंजीलाल बदमाशों की कार में गंभीर हालत में पड़ा मिला। सूचना के बाद बैजूपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश गाड़ी छोड़कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने कुंजीलाल को बैजूपाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे
पुलिस ने शव को बांदीकुई उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना से नाराज परिजनों ने मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी रोहिताश देवंदा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, शव का पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *