जैसलमेर में ट्रांसफॉर्मर से तेल चुराने वाले गैंग के सरगना ने हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया। पुलिस की नाकाबंदी तोड़ दी और चेकिंग पॉइंट पर खड़ी 3 गाड़ियों में अपनी बोलेरो कैंपर घुसा दी। इसके बाद पुलिस ने 50 किमी पीछा कर सरगना और उसके 3 साथियों को पकड़ा है। नाकाबंदी पर गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद भी जब हिस्ट्रीशीटर नहीं रूका तो पुलिस ने बोलेरो से टक्कर मारकर उसे रुकने पर मजबूर किया। इस घटना में 2 वकील घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना को लेकर नाकाबंदी पर खड़े कार मालिकों ने भी हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। मामला जैसलमेर के सदर थाना इलाके का थईयात फांटे का बुधवार का है। इसका वीडियो गुरुवार दोपहर सामने आया है। सदर थाना प्रभारी ने बताया- मामले में हिस्ट्रीशीटर लादेन और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ जारी है। फोटोज में समझिए पूरा मामला… 1. पुलिस जीपें पीछे लगी 2. नाकाबंदी पर खड़ी गाड़ियों में घुसा 3. तीन कारों में घुसाई बोलेरो 4. टक्कर मार रुकवाया ट्रांसफॉर्मर से तेल चुरा कर भागे तो पीछे लगी पुलिस सदर थाना प्रभारी प्रेमदान ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोग लाठी थाना इलाके में ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी कर बोलेरो गाड़ी में जैसलमेर की तरफ आ रहे हैं। उनके पीछे लाठी थाना इलाके से पुलिस लगी हुई थी। ऐसे में, सदर थाना पुलिस ने थईयात फांटे पर नाकाबंदी की। इस दौरान फांटे पर काफी गाड़ियां पहले से रुकी हुई थीं। दोपहर करीब 1 बजे, संदिग्ध बोलेरो कैंपर तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। नाकाबंदी तोड़ने के चक्कर में चोरों ने वहां खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारनी शुरू कर दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां खड़ी 3 गाड़ियां डैमेज हो गई। बोलेरो से टक्कर मार कर रुकवाया थाना प्रभारी ने बताया- इस घटना में 2 वकीलों को मामूली चोटें आईं हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन आरोपी रुकने के बजाय गाड़ी को भगा ले गए। सदर पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने एक बोलेरो कैंपर हिस्ट्रीशीटर की बोलेरो के पीछे लगा दी। अगली नाकाबंदी पर बोलेरो को टक्कर मार कर रुकवाया। हिस्ट्रीशीटर लादेन चढ़ा पुलिस के हत्थे पकड़े गए आरोपियों में लाठी थाने का हिस्ट्रीशीटर ‘लादेन’ भी शामिल है। जो लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने वाली गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। घायल वकीलों रशीद मेहर व हैदर खान को तत्काल जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां मामूली चोट के चलते प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।


