भास्कर न्यूज| लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के मैदान में चल रहे फोमराह स्वदेशी मेले के सातवें दिन शुक्रवार को एक भव्य अधिवक्ता सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुनर पंजाब दा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा शाम को गायक आदी ने अपने असाधारण संगीत हुनर से वहां मौजूद भारी भीड़ का मन मोह लिया। मंच संभालते ही उन्होंने अपनी बुलंद आवाज में एक के बाद एक गाने गाकर पूरी ऑडियंस को बांधे रखा। इस तरह संगीतमय शाम यादगार रही। अधिवक्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के एडिशनल एडवोकेट जनरल गौरव जिंदल ने कहा कि स्वदेशी उत्पाद न केवल आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं, बल्कि ये सस्ते और भारतीय जलवायु के अनुकूल भी हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सूती उत्पाद शरीर के लिए लाभदायक हैं, जबकि विदेशी सिंथेटिक उत्पाद स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल पंजाब, पीयूष कांत जैन ने भी स्वदेशी को समय की मांग बताते हुए कहा कि इससे देश की जीडीपी में वृद्धि होगी। मेला प्रमुख गुरदीप गोशा और सह-समन्वयक मोहित गोयल ने जनमानस से आग्रह किया कि स्वदेशी अपनाकर वे भारत माता के सच्चे सपूत होने का दायित्व निभाएं। मेले के दौरान आयोजित हुनर पंजाब दा कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि मौजूद दर्शक खूब प्रभावित हुए। मुख्य आयोजक शुभजीत कौर, इंचार्ज विकास राजदेव और को-इंचार्ज प्रीति ओबराय द्वारा तैयार किए गए इस कार्यक्रम की रूपरेखा इतनी बेहतरीन थी कि मंच पर समय थमता हुआ प्रतीत हुआ। कलाकारों के हुनर ने लुधियाना वासियों का दिल जीत लिया। मेले में लगे विभिन्न स्टालों पर भारतीय उत्पादों की खूब खरीदारी हो रही है। लोग विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी सामान को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों और अर्थव्यवस्था को भारी प्रोत्साहन मिल रहा है। इस अवसर पर एडवोकेट राकेश भाटिया, सौरव कपूर, संघ प्रचारक विनय, रूबल सिंधी, कीर्ति ग्रोवर, सनम मेहरा, मनदीप कौर, एडवोकेट नीना गुप्ता, एडवोकेट ऋषि शर्मा, मनीष वर्मा, मनोज कुमार मदान, सर्बजीत कलसी और अन्य उपस्थित थे।


