भास्कर न्यूज |हुसैनाबाद जिला प्रशासन की टीम 27 फरवरी को हुसैनाबाद पहुंचेगी। हुसैनाबाद के अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय का आयोजन कर पदाधिकारी एवं विभिन्न कार्यालयों के कर्मी आमलोगों की समस्याएं सुनेंगे एवं उसका त्वरित समाधान करेंगे। कैंप कार्यालय में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ लोगों को प्रदान किया जाएगा। यहां आमलोगों के लिए कई सेवाएं उपलब्ध कराई जाएगी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा। जिला प्रशासन की टीम पहुंचने से आम लोगों को अपने नजदीकी अनुमंडल क्षेत्र में ही सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा। यह बातें उपायुक्त शशि रंजन ने कही। अनुमंडल स्तर पर आयोजित कैंप कार्यालय अधिष्ठापन के संबंध में उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रत्येक माह के चतुर्थ गुरुवार को हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय अधिष्ठापित होगा। फरवरी माह में चतुर्थ गुरुवार 27 फरवरी को है, ऐसे में निर्धारित कैलेंडर के अनुसार हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में 11 बजे से कैंप कार्यालय का अधिष्ठापन कर लोगों को सेवाएं प्रदान की जाएगी। उपायुक्त शशि रंजन ने आम लोगों से अपील की है कि संबंधित कैंप कार्यालय में पहुंचकर किसी भी सरकारी योजना का लाभ, शिकायत या समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने स्थानीय लोगों से कैंप कार्यालय में उपस्थित होकर अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है। गौरतलब है कि उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर वर्तमान दौर में कैंप कार्यालय लगाया जा रहा है। इसके माध्यम से आमजनों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके नजदीकी अनुमंडल में ही मिलेगा। अनुमंडल स्तर पर इसकी व्यापक तैयारी की गई है। इसमें सभी जिला स्तरीय, संबंधित अनुमंडल स्तरीय तथा संबंधित अनुमंडल के सभी प्रखंड स्तरीय, असैनिक एवं तकनीकी पदाधिकारी कैंप कार्यालय में उपस्थित होकर अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों का निष्पादन करेंगे। नावाबाजार | महाशिवरात्रि पर राजहरा झरना शिव मंदिर परिसर में आयोजित मेला में सत्य साईं नर्सिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट व नौगढ़ा के फोर्टिस मल्टी स्पेशलिटीज हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा नि: शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सक डॉ. अली नवाज ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर नि:शुल्क दवा भी दी। अस्पताल के चेयरमैन नितेश कुमार पाठक ने बताया कि फोर्टिस मल्टी स्पेशलिटीज हॉस्पिटल की स्थापना ग्रामीण क्षेत्र में सेवा भावना को लेकर ही किया गया है। चेयरमैन नितेश कुमार पाठक ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर से लोगों को काफी सहूलियत मिलती है। इस मौके पर पुष्कर पांडेय सहित कई लोग थे।


