धौलपुर के इंदिरा गांधी स्टेडियम पर चल रहे हॉकी सिक्स ए साइड का फाइनल मुकाबला हुंडावाल हॉकी क्लब और मुरैना हॉकी क्लब के बीच खेला गया। जिसमें धौलपुर की हुंडावाल हॉकी क्लब 3-1 से विजयी रही। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने कहा कि धौलपुर के खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में भी अपना बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इसको देखकर कहा जा सकता है कि धौलपुर में खेलों के क्षेत्र में स्वर्णिम भविष्य छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही धौलपुर के खिलाड़ियों के लिए मल्टीपर्पस इनडोर स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि एक राष्ट्रीय स्तर का सभी खेलों के लिए खेल मैदान भी आपके लिए जल्दी तैयार हो। प्रतियोगिता के समापन के मौके पर अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस मौके पर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बोहरा ने कहा कि तीन दिवसीय टूर्नामेंट में जिले के साथ बाहर से आए खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला हॉकी संघ इस प्रकार के और भी बड़े आयोजन जिले के खिलाड़ियों के लिए कराएगा।


