लुधियाना| होजरी कारोबार से जुड़े एक व्यापारी के साथ लाखों रुपए की अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। थाना मेहरबान पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता रजनीश अत्री ने बताया कि वह ढंडारी कलां स्थित पीआई कोटेक्स में कार्यरत है और आरोपियों के साथ उसके व्यापारिक संबंध थे। रजनीश के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उससे कुल 97,79,089 रुपये का माल लिया, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। पीड़ित का कहना है कि कई बार रकम लौटाने की मांग की गई, लेकिन हर बार टालमटोल की जाती रही। अंततः उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच के बाद थाना मेहरबान पुलिस ने गांव बाजड़ा निवासी अशोक कुमार के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


