होमगार्ड (गृह रक्षा) के 409 पदों पर अलवर व दौसा के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। जिसके लिए 16 मार्च से 31 मार्च तक पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर फिजिकल होंगे। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कमाण्डेंट हरि सिंह यादव ने बताया कि गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र अलवर (जिला खैरथल-तिजारा व कोटपूतली-बहरोड को सम्मिलित करते हुए) एवं दौसा के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाइल पर एसएमएस एवं ई-मेल द्वारा सूचना प्रेषित की जाएगी। इसके पश्चात अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों की नामांकन प्रक्रिया करीब तीन सप्ताह तक चलेगी, जिसके लिए अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थी को अलग-अलग समय पर उपस्थिति के लिए बुलाया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों से संबंधित प्रवेश पत्र में वर्णित महत्वपूर्ण निर्देशों की पूर्ण पालना आवश्यक है। नामांकन प्रक्रिया निदेशालय गृह रक्षा राजस्थान द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) के सदस्यों के जरिए सम्पन्न की जाएगी। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया में जिला अलवर के 322 एवं जिला दौसा के 87 रिक्त पदों के लिए 55685 अभ्यर्थी भाग लेंगे। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नं. 0144-2338579 पर सम्पर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थियों हेतु आवश्यक दस्तावेज उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी को निर्धारित समय, दिनाक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों यथा जिले का मूल निवास, आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र एवं पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र तथा प्रवेश के साथ संलग्न महत्वपूर्ण अन्य सभी दिशा-निर्देशों की पालना आवश्यक होगी सहित उपस्थित होना होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को ग्राउण्ड से बाहर जाकर कोई भी दस्तावेज लाए जाने की अनुमति नहीं होगी।


