होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप के लिए चाईबासा के उत्कृष्ट खिलाड़ी चयनित

भास्कर न्यूज| चाईबासा स्लम सोकर अंतर्गत होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए घोषित भारतीय टीम में चाईबासा के उदीयमान खिलाड़ी चयनित हुए हैं। पुरुष टीम में तांतनगर के कांडेहातु निवासी रमेश कारवा, हिंदूडीह निवासी ललित प्रिय बेंकुरा और सदर प्रखंड के बरकुंडिया निवासी सूरज बिरुली शामिल हैं। वहीं महिला टीम में तांतनगर के खेड़ियाटांगर निवासी बनफूल तुबिद, टियापोसी निवासी पुनामी बागे और खूंटपानी के पुरनिया निवासी मोनिका पुरती चयनित हुई हैं।इन खिलाड़ियों का चयन गोवा में आयोजित नेशनल इंक्लूजन फुटबॉल कप चैंपियनशिप में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। झारखंड टीम के को-ओर्डिनेटर चांबरा सुंडी ने बताया कि ये खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तरी अमेरिका के मैक्सिको में खेली जाने वाली होमलेस फुटबॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में भाग लेंगे। इससे पूर्व स्लम सोकर का मुख्यालय नागपुर में भारतीय टीम के हर खिलाड़ी के बीच तालमेल बिठाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयनित होने पर जिले के खेलप्रेमियों कृष्णा देवगम,विकास दोदराजका,वीर सिंह बुड़ीउली, जगन्नाथ हेस्सा,महर्षि महेंद्र सिंकू, सुरेंद्र पुरती,श्याम कुदादा,साधु बानरा,फादर रंजीत किंडो,रेयांस सामड आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *