भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री राम मंदिर एवं गांधी पार्क ट्रस्ट तथा मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में सार्वजनिक होलिका दहन का आयोजन स्थानीय श्री राम मंदिर प्रांगण में किया गया। बड़ी संख्या में शामिल नगरवासियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के इस पावन पर्व को श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया। कार्यक्रम के तहत 2 मार्च सोमवार को रात्रि 10 बजे से फाग गीत एवं हरि भजन का दौर शुरू हुआ। इसके पश्चात निर्धारित मुहूर्त के अनुसार रात्रि 12 बजकर 41 मिनट पर विधिवत होलिका पूजन किया गया तथा रात्रि 1 बजकर 2 मिनट पर विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद भक्त प्रहलाद के रूप में आस्था, सत्य, विश्वास और भक्ति की जीत का जश्न रात भर चलता रहा। होली जलाने के पूर्व उसे कंडे की माला पहनाकर पूजा-अर्चना की गई। होली दहन के बाद श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा की तथा होली की पवित्र राख अपने घर ले गए, जिसे शुभ और मंगलकारी माना जाता है। 3 मार्च को दोपहर से शाम तक चंद्र ग्रहण होने की वजह से लोगों ने पारंपरिक मान्यताओं के अनुरूप रंग और गुलाल से दूरी बनाए रखी। ग्रहण समाप्त होने के बाद अगले दिन यानी 4 मार्च को धुलंडी (रंग वाली होली) उत्साहपूर्वक मनाई जाएगी।


