होलिका दहन की रात घर लौट रहे युवक की मौत:रॉन्ग साइड से आ रही बाइक की बोलेरो कैंपर से सीधी टक्कर; काहला के मोहन नाथ ने देचू के पास तोड़ा दम, साथी गंभीर

जैसलमेर में होलिका दहन की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सोमवार देर रात शहर के बाहरी इलाके में एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी स्थित बाईपास पुलिया पर एक बोलेरो कैंपर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा रात करीब 11 बजे के बाद हुआ जब ओवरब्रिज पुलिया पर गलत साइड से आई बाइक बोलेरो से भिड़ गई। हादसे के बाद दोनों को जोधपुर रेफर कर दिया, मगर एक युवक मोहननाथ (20) की मौत हो गई वहीँ दुसरे युवक दलपत नाथ का MDM हॉस्पिटल जोधपुर में गंभीर स्थिति में इलाज जारी है। पुलिस ने गाडी और ड्राइवर को पकड़ लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। देवीकोट से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, काहला गांव निवासी दो युवक दलपत नाथ (20) पुत्र सुमार नाथ और मोहन नाथ (25) पुत्र तेज नाथ सोमवार रात करीब 11 बजे देवीकोट से जैसलमेर होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सांवल कॉलोनी ओवरब्रिज पर पहुँची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर लहुलूहान होकर गिर पड़े। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। जोधपुर ले जाते समय देचू के पास मोहन नाथ ने दम तोड़ दिया। वहीं, दलपत नाथ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और उसका जोधपुर में इलाज जारी है। रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी काल शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया- प्रारंभिक पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल पुलिया पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही थी, जिसके कारण सामने से आ रही कैंपर से उसका संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, हादसे के बाद कैंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार बोलेरो ड्राइवर को पकड़ लिया है और गाड़ी को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया गया है। मृतक मोहन नाथ का शव मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *