होलिका दहन की रात धुएं में डूबी हुसैन टेकरी:रतलाम में लोबान लेने देर रात तक जुटे हजारों श्रद्धालु, सुरक्षा रही चाक-चौबंद

रतलाम जिले के जावरा स्थित प्रसिद्ध मुस्लिम धार्मिक स्थल हुसैन टेकरी पर मंगलवार रात लोबान लेने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मुख्य लोबान वितरण कार्यक्रम रात करीब 11 बजे शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। हुसैन टेकरी मुस्लिम धार्मिक स्थल है, लेकिन लोबान लेने के इस आयोजन में मुस्लिम समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु भी शामिल हुए। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चार सेक्टर बनाए गए थे। इन्हीं सेक्टरों से होकर लोग लोबान (धूप का धुआं) लेते हुए आगे बढ़ते रहे। होलिका दहन से जुड़ी है विशेष मान्यता मान्यता है कि होलिका दहन की रात लोबान लेने से शैतानी शक्तियों और प्रेतात्माओं का नाश होता है। साल में यह आयोजन दो बार किया जाता है—एक चेहल्लूम पर और दूसरा होलिका दहन के अवसर पर।
इस वर्ष 2 मार्च को होली थी, लेकिन आयोजन 3 मार्च की रात को किया गया। दो दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का यहां पहुंचना शुरू हो गया था। कहा जाता है कि होलिका दहन की रात यहां एक चमत्कारी रोशनी दिखाई देती है, जिसके प्रभाव से जादू-टोने और बुरी शक्तियों से पीड़ित लोग स्वस्थ हो जाते हैं। लोबान लेने से शिफा (आरोग्य) मिलने की मान्यता है, इसलिए बड़ी संख्या में बीमार लोग भी यहां पहुंचे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन और CCTV से निगरानी कार्यक्रम में रतलाम जिले के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। पूरे परिसर की निगरानी CCTV कैमरों और ड्रोन से की गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *