भास्कर न्यूज | नांदघाट होलिका दहन की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मगरघटा परिसर में जमकर उत्पात मचाया। शरारती तत्वों ने विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए पानी की टंकी, प्रसाधन कक्ष के दरवाजे और बिजली कनेक्शन के केबल को तोड़ दिया। साथ ही नलों की फिटिंग भी उखाड़ दी गई, जिससे स्कूल को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी शिक्षकों को अगले दिन उस समय लगी, जब वे विद्यालय पहुंचे। स्कूल परिसर की स्थिति देखकर शिक्षक भी हैरान रह गए। अज्ञात लोगों द्वारा विद्या के मंदिर में इस तरह तोड़फोड़ किए जाने से स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। घटना की सूचना स्कूल की प्राचार्य प्रतिमा चौबे द्वारा पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सीताराम साहू, समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने घटना की निंदा की है।


