भास्कर न्यूज | बालोद शहर के जीएडी कॉलोनी में सोमवार रात होलिका दहन का आयोजन परंपरा और उत्साह के साथ हुआ। यह कार्यक्रम कॉलोनी के अधिकारियों, कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के साथ मनाया गया, जिससे सामुदायिक भाईचारा और आपसी मेलजोल का संदेश भी साफ झलकता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई। कॉलोनी के मुख्य बिंदु पर होलिका के चारों ओर आग जलाई गई और दीपक, फूल, मिश्री, नींबू, पुराना कपड़ा आदि सामग्री चढ़ाकर इस पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक भावना का निर्वाह किया गया। नगाड़े की थाप और पारंपरिक मंत्रों के बीच उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर होलिका का पूजन किया। महिलाओं ने जलती होलिका के चारों ओर परिक्रमा करते हुए देवी-देवताओं से अपने परिवार की खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना की। बच्चों और युवाओं ने भी इस परंपरा में भाग लिया और आग के चारों ओर उत्साहपूर्वक परिक्रमा कर उत्सव को जीवंत बनाया। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया और एक-दूसरे को गुलाल का टीका लगाकर होली की बधाई दी गई। इसके बाद गीत-संगीत और नृत्य का कार्यक्रम हुआ। ढोल-नगाड़े की थाप पर सभी ने पारंपरिक होली गीतों पर नृत्य किया और वातावरण को पूरी तरह उल्लासमय बना दिया। युवा, बुजुर्ग, महिलाओं व बच्चों ने परंपरा के साथ उत्सव में भाग लिया।


