होली के जश्न में खूनी संघर्ष:गिधपुरी में 13 गिरफ्तार, पलारी में 14 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बलौदाबाजार जिले में होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम गैतरा में होली के दिन हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं, पलारी पुलिस ने होली से पहले और होली के दिन अशांति फैलाने की आशंका में 14 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, यह घटना होली के दिन देर रात ग्राम गैतरा में हुई। होली मनाने के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे और लकड़ियों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गिधपुरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और घायलों को इलाज के लिए पलारी अस्पताल भेजा। अस्पताल में देर रात तक घायलों का इलाज चलता रहा, जिससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गिधपुरी संदीप बंजारे को शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों पर तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए। पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया पुलिस ने कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि होली के दिन कहासुनी के बाद उन्होंने एक-दूसरे पर हमला किया। गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु प्रसाद फेकर, समीर फेकर, देव कुमार फेंकर, संतोष फेकर, प्रीतम फेंकर, रवि फेंकर, रविंद्र फेकर, किशन मनहरे, किशोर मनहरे, विकास साण्डे, अजय साण्डे, आदित्य साण्डे और एक बालक शामिल हैं। सभी को 5 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, पलारी पुलिस थाना क्षेत्र में भी प्रशासन सतर्क रहा। त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने दो दिनों में 14 संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *