होली के रंगों के साथ योग का अभ्यास

भास्कर न्यूज| धमतरी नेहरू गार्डन स्थित योग केंद्र में होली उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर योगार्थियों ने एक-दूसरे को फूलों और गुलाल से रंग लगाकर प्रेम, आनंद और सकारात्मक ऊर्जा के साथ होली का स्वागत किया। होली उत्सव की विशेषता यह रही कि रंगों की इस खुशियों भरी शुरुआत के बाद सभी योगार्थियों ने योग ट्रेनर निकिता धरमगुड़ी के निर्देशन में अपने नियमित योगाभ्यास को भी पूरे उत्साह के साथ जारी रखा। प्राणायाम के साथ-साथ भुजंगासन, वीरभद्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया गया, जिससे वातावरण में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मकता का सुंदर समन्वय दिखाई दिया। योगाभ्यास के बाद सभी सदस्य होली और फाग गीतों की धुन पर झूम उठे। रंग, संगीत और उल्लास के बीच सबने मिलकर नृत्य किया और उत्सव की आनंदमयी अनुभूति साझा की। अंत में सभी ने पौष्टिक मूंग भेल, फल, ठंडाई, काढ़ा और मिठाई का आनंद लिया। कार्यक्रम में निखिल अग्रवाल, सुलेखा जोशी, रोमेश धरमगुड़ी, गोविंद कोसरिया, आशीष अग्रवाल, भावना यादव, सेवक साहू, आनंद जैस, लाल गवली, सत्यम, श्यामलाल यादव सहित अनेक योगार्थी उपस्थित रहे। योग से जीवन सुंदर हो जाते हैं : योग ट्रेनर निकिता धरमगुड़ी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन, अनुशासन और प्रसन्नता लाने का मार्ग है। जब त्योहारों की खुशियां योग की ऊर्जा से जुड़ती हैं, तब जीवन के रंग और भी सुंदर हो जाते हैं। निखिल अग्रवाल ने कहा कि योग के साथ इस तरह त्योहार मनाने से उत्सव की खुशियां और भी बढ़ जाती हैं। सुलेखा जोशी ने कहा कि नेहरू गार्डन में योग साथियों के साथ होली मनाना बहुत आनंददायक रहा और इससे आपसी अपनत्व और भी बढ़ता है। दो साल से चल रही उद्यान में योग क्लास योग क्लास की संयोजिका डॉ. सरिता दोशी ने बताया कि नेहरू गार्डन में योग क्लासेस को 2 वर्ष से अधिक समय हो चुका है। गर्मी और वर्षा के मौसम में योगाभ्यास के लिए छायादार स्थान की आवश्यकता को देखते हुए नगर पालिक निगम को आवेदन दिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप नेहरू गार्डन में योग शेड का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *