जबलपुर के बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर होली खेलने के बाद नहाने गया युवक डूब गया। घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैन मंदिर के पीछे रहने वाला शैलेश नेमा (25) अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद डेम पर पहुंचा था। नहाते समय वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और फिसलन भरे पत्थरों के कारण सफल नहीं हो सके। गुरुवार को युवक की तलाश में फिर सर्च अभियान चलाया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर जुटी पुलिस और भीड़ घटना की जानकारी मिलते ही जीरो पॉइंट पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। बरगी नगर पुलिस चौकी प्रभारी सरिता पटेल मौके पर पहुंचीं और मुख्यालय से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और घाट पर नारेबाजी की। बाद में वे पुलिस चौकी पहुंचकर धरने पर बैठ गए और अधिकारियों से जवाब मांगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग की मांग की स्थानीय लोगों का कहना है कि जीरो पॉइंट पर अक्सर युवाओं की भीड़ रहती है, लेकिन वहां चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की स्थायी व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि हर साल ऐसे हादसे होते हैं, फिर भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।


