होली त्यौहार से पहले बदमाशों की धरपकड़ करने के निर्देश:विजुवल पुलिसिंग के लिए हो नियमित कार्रवाई, रायगढ़ में SSP ने क्राईम मीटिंग में दिए कई निर्देश

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अपराधों की समीक्षा भी जरूरी है। ऐेसे में SSP ने जिले के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। जिसमें उन्होंने विजुअल पुलिसिंग व होली से पहले बदमाशों की धरपकड़ के साथ ही अन्य कई तरह के निर्देश दिए। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक की शुरूआत में SSP ने निर्देशित किया कि सभी राजपत्रित अधिकारी जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग से पूर्व अपने-अपने अनुविभाग स्तर पर थाना प्रभारी और विवेचकों की बैठक लें। ताकि गंभीर अपराधों की समीक्षा और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके। उन्होंने विवेचकों के मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही होली पर्व को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक तत्वों, बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ धरपकड़ की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्यौहारों में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विजुवल पुलिसिंग के तहत प्रतिदिन तीन सवारी, डिंक एंड ड्राइव जैसे यातायात उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई करने निर्देशित किया गया।
लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई
एसएसपी ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश तस्करी पर विशेष निगरानी रखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ जिले के प्रत्येक क्षेत्र में कार्रवाई करने कहा गया। SSP शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और वैश्यावृत्ति जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और जिस थाना क्षेत्र में लापरवाही पाई जाएगी। वहां के थाना प्रभारी के खिलाफ जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
हिट एंड रन मामले की समीक्षा रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
SSP शशि मोहन सिंह ने जिले में लागू बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक बीट प्रभारी अपने क्षेत्र की संपूर्ण जानकारी रखे। घटना, दुर्घटना या आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचे। बैठक में लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग और शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित थाना प्रभारियों को उनका निराकरण करने निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात DSP को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया।
सशक्त ऐप का उपयोग कर चोरी के वाहनों का ट्रेस करे
बैठक में SSP ने रेंज स्तरीय “सशक्त ऐप” का अधिक से अधिक उपयोग कर चोरी के वाहनों को ट्रेस करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के CCTV कैमरों को “त्रिनयन ऐप” से जोड़ने और बीट स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को “साइबर प्रहरी” से जोड़ने के निर्देश दिए। थाना आने वाले प्रत्येक नागरिक से “अनुभव” गूगल फॉर्म के माध्यम से फीडबैक लेने और नवीन कानूनों के तहत थानों में रजिस्टरों का विधिवत संधारण व नियमित इंद्राज सुनिश्चित करने कहा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *