रीवा में होली के दिन तड़के रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। गढ़ थाने के ठीक सामने स्थित एक किराना दुकान में सुबह करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के लोगों और थाना स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मनगवां, गढ़ और सोहागी थानों को अलर्ट करते हुए दमकल को बुलाया। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन दुकान के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी। शटर बंद होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल हो रहा था। स्थिति गंभीर होते देख जेसीबी मशीन बुलाकर दुकान का शटर तोड़ा गया। इसी बीच दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था। दुकानदार के भाई सुजीत गुप्ता ने बताया कि दुकान काफी पुरानी और बड़ी है। फिलहाल जले हुए सामान का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी गढ़ अवनीश पांडे ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा गया था। आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।


